NaMo NaMo

Namo Event

Tuesday 29 April 2014

'दूसरे घर' आ रहे मोदी, घर वाले चहके


शिमला, [मनजीत नेगी]। संघ प्रचारक, प्रदेश पार्टी प्रभारी के बाद स्टार प्रचारक के तौर पर आज हिमाचल आ रहे नरेंद्र मोदी हिमाचल के लिए नया चेहरा नहीं हैं। प्रदेश में मतदान केंद्र तक जाकर भाजपा को मजबूती देकर पहली बार पार्टी की स्थायी सरकार बनाने में उनका अहम योगदान रहा है। पार्टी के कई नेता उनके आने से गदगद हैं। 1993-94 से लेकर वर्ष 2000 तक वह प्रदेश भाजपा प्रभारी रहे हैं। प्रभारी भी ऐसे कि हर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज तक पैदल गए। भाजपा के तब के कार्यकर्ताओं को वह अब भी नाम लेकर पुकारते हैं। मोदी का मानना था, 'कार्यकर्ता तभी आपको मानेंगे जब आप अच्छा काम करके दिखाएंगे। 'रोल मॉडल' बनिए तो तो आपका सम्मान होगा।'

उनके कार्यकाल में महामंत्री रहे प्रवीण शर्मा बताते हैं कि नरेंद्र मोदी के प्रयत्नों से हिमाचल में पहली बार वर्ष 1998 में भाजपा की स्थायी सरकार बन पाई। पहली बार पांच साल की सरकार बनी थी। हालांकि कई बाधाएं थी। वह कहते थे कि यदि वर्ष 1998 में भी भाजपा की सरकार तीसरी बार नहीं चली तो जनता को पार्टी पर से विश्वास उठ जाएगा। संदेश जाएगा कि भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता। इससे पहले शांता कुमार के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें महज दो से अढ़ाई साल ही दो मर्तबा चली थी। मोदी के साथ पूर्व बागवानी मंत्री स्वर्गीय कुंज लाल, रूप सिंह, राकेश पठानिया, रमेश धवाला, आइडी धीमान, प्रेम कुमार धूमल, जेपी नड्डा, सुरेश चंदेल ने बतौर कार्यकर्ता काम किया है।

उनका दूसरा घर हिमाचल

'नरेंद्र मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा है। वह यहां की हर समस्या से वाकिफ हैं। प्रभारी रहते प्रदेश का चप्पा-चप्पा घूमा। हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हुए प्रदेश के विकास की चर्चा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से करते रहते हैं।' -गणेश दत्त, प्रवक्ता भाजपा

'नरेंद्र मोदी बहुत अनुशासित व्यक्तित्व के मालिक हैं। पार्टी के लिए वह दिन रात काम करते व योजनाएं बनाते रहे हैं। ऐसी योजनाओं को वह लागू भी करते। ईमानदारी और लग्न हमेशा रही। पार्टी कार्यकत्र्ताओं से भी वह यही अपेक्षा रखते हैं। संगठन के प्रति काम करने का उनका जज्बा अविस्मरणीय है। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज होने के साथ प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। -प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री

मोदी का योगदान अव्वल 'सपने में भी नहीं सोचा जा सकता था कि 1998 में भाजपा सरकार बनाएगी। पार्टी के बीच खींचतान थी, धवाला कांड भी ताजा था। हिमाचल विकास कांग्रेस के नेता व केंद्रीय मंत्री रहे पंडित सुखराम के साथ मिलकर तब भाजपा की पहली बार प्रदेश में स्थायी सरकार बनी थी। यह नरेंद्र मोदी के संगठन बल का ही नतीजा है कि भाजपा का जनाधार और कुनबा लगातार बढ़े। उनके उत्साह और परिश्रम का ही नतीजा रहा है कि आज पार्टी ने प्रधानमंत्री कुर्सी के लिए घोषित किया है।' -सतपाल सत्ती, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

हिमाचल में आज से शुरू होगा रैलियों का रेला

हिमाचल में नरेंद्र मोदी की आज होने वाली रैलियों के बाद स्टार वार का दौर शुरू हो रहा है। कांग्रेस के बडे़ नेता भी प्रचार भुनाने हिमाचल आ रहे हैं तो भाजपा के स्टार प्रचारकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के घोषित प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की आज होने वाली रैलियों के बाद हिमाचल में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह प्रत्याशियों के प्रचार के लिए प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। चार मई को जिला किन्नौर के जिला मुख्यालय रिकांगपियो और नाहन में वह प्रचार रैलियां करेंगे। राजनाथ सिंह यहां होने वाली रैलियों के जरिये मंडी और शिमला संसदीय सीट के प्रत्याशी रामस्वरूप और वीरेंद्र कश्यप के लिए वोट की अपील करेंगे।

दूसरी ओर इसी दिन दूसरी और बिलासपुर और बड़सर में हेमामालिनी प्रचार के लिए पहुंच रही हैं। हालांकि भाजपा की तेजतर्रार नेत्री सुषमा स्वराज का दौरा हिमाचल के लिए रद हो गया है। दो दिन का प्रचार के लिए समय सुषमा स्वराज के लिए मिला था। खेती के कामों में व्यस्तता के चलते उनके दौरे के लिए हिमाचल भाजपा के पदाधिकारियों ने इन्कार कर दिया है। राज्य के निचले क्षेत्रों में गर्मी होने के चलते दो दिन के दौरे को रद कर दिया गया है। भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि 40 लोगों की स्टार प्रचारकों की जो सूची भाजपा ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग को भेजी है उसमें राष्ट्रीय स्तर के बडे़ नेताओं सहित हेमा मालिनी, नवजोत सिंह सिद्धू जैसी हस्तियों के नाम शामिल हैं।

*****
भाजपा के स्टार प्रचारक हिमाचल आ रहे हैं। नरेंद्र मोदी की रैली के बाद राजनाथ सिंह और हेमामालिनी शीघ्र ही प्रचार को पहुंच रहे हैं। सुषमा स्वराज का दौरा रद हुआ है। इसके अतिरिक्त स्टार प्रचारकों की सूची में और नाम भी शामिल है। कई और नेताओं के दौरे संभावित हैं। -गणेश दत्त, अध्यक्ष राज्य प्रचार समिति भाजपा

- See more at: http://loksabha-elections2014.jagran.com/loksabha-election2014/election-news-narendra-modi-to-address-three-rallies-in-hp-today-EL11273381#sthash.uX7vPZHS.dpuf

No comments:

Post a Comment